ऊना। सदर क्षेत्र के भडोलियां कलां में रविवार शाम को दो गुटों में मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में ईंट और डंडों से पिटाई का आरोप लगा है। घटना में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रास केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों की शिकायत पर करीब दो दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सतीश कुमार निवासी भडोलिया कलां ने शिकायत दर्ज करवाई है कि रविवार शाम को एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक चालक उनके ही गांव का था। घटना में घायल होने पर इलाज करवाने के बाद वह उक्त व्यक्ति से बातचीत करने के लिए गए, लेकिन उन्होंने इनके साथ गाली गलौज की। बाद में बाइक चालक के परिजन काफी संख्या में उसके घर आए और उन्होंने ईंट व डंडों से हमला किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पहले बाइक से टक्कर मारना और फिर लड़ाई झगड़ा करना आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एक जनप्रतिनिधि ने भी इस घटना में ईंट से हमला किया। उधर, दूसरे पक्ष की तरफ से एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि रविवार शाम को कुछ लोग इनके घर आए और उसके परिजनों साथ मारपीट व गाली गलौज की। दोनों पक्षों के तीन-तीन लोग घायल हुए हैं। वहीं, एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच जारी है।