बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत लठियाणी के बाजार में पांच माह पहले शुरू हुआ सीमेंट की नाली का कार्य आज तक अधूरा है। स्थानीय दुकानदारों को नाली में गंदगी की दुर्गंध से समस्या हो रही है। इतना ही नहीं, रात के अंधरे में नाली में गिरने का डर भी बना रहता हैं। ऐसे में दुकानदारों ने जल्द अधूरे काम को पूरा करने की मांग की है। लठियाणी बाजार में रोड की एक तरफ लगभग केवल 300 मीटर सीमेंट की नाली के निर्माण कार्य को पांच माह के करीब समय हो गया है लेकिन अभी भी कार्य पूरा नहीं हो पाया है। स्थानीय दुकानदारों सुरेश कुमार, राज कुमार, संजय कौशल, कुलदीप, रवि हीर, विनोद कुमार, रमेश कुमार, रोहित आदि का कहना है कि इस अधूरी नाली की वजह से आने-जाने मेें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि नाली में गंदगी देख ग्राहक दुकानों में आने के बजाय लौट जाते हैं। नाली के कुछ हिस्सों पर ब्लॉक रखे हैं, तो बीच में नाली खुली छोड़ दी है। नाली एक तरफ से ऊंची और एक तरफ से गहरी है जिससे वहां से गुजरने वाले बच्चों का उसमें गिरने का खतरा भी बना रहता है। ग्राम पंचायत लठियाणी के प्रधान जोगिंद्र शर्मा का कहना है कि कई बार लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन और जेई से समस्या के बारे में अवगत करवाया लेकिन इसका हल नहीं हो पाय।