सिरमौर: बर्मा पापड़ी में नदी के बीच फंसे दो लोग, हेलिकॉप्टर से सुरक्षित निकाले गए, देखें वीडियो
पुलिस अधीक्षक और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन नदी का जलस्तर अधिक होने के कारण शाम करीब 7:30 बजे तक दोनों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने रेस्क्यू के लिए हेलिकॉप्टर मंगवाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिला सिरमौर में मंगलवार को हुई भारी बारिश के बीच नाहन विकास खंड के बर्मा पापड़ी में नदी के तेज बहाव के कारण दो लोग बीच में फंस गए। दोनों करीब चार घंटे से नदी के बीच फंसे रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन नदी का जलस्तर अधिक होने के कारण शाम करीब 7:30 बजे तक दोनों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने रेस्क्यू के लिए हेलिकॉप्टर मंगवाया। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित निकाला गया। जानकारी के अनुसार, बर्मा पापड़ी निवासी बनारसी दास पुत्र मुख्तयार सिंह मंगलवार को भैंस चराने के लिए नदी के समीप गया था। दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया।
नदी के दोनों तरफ पानी का बहाव तेज होने के कारण वह बीच में फंस गया और बाहर नहीं निकल पाया। बनारसी दास को नदी के बीच फंसा देखकर एक अन्य व्यक्ति उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचा, लेकिन वह भी तेज बहाव के कारण वापस नहीं आ सका। इसके बाद दोनों को सुरक्षित निकालने के लिए दो अन्य ग्रामीण नदी में गए। इस दौरान दोनों ग्रामीण तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हालांकि, दोनों के साथ रस्सी बंधी होने के कारण उन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इधर, नदी के बीच फंसे दोनों लोगों को निकालने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने प्रयास किए, लेकिन बढ़े हुए जलस्तर और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान सफल नहीं हो पाया। प्रशासन ने अब दोनों लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हेलिकॉप्टर की मदद लेने का फैसला किया है।
कूट खड्ड में आई बाढ़, विद्युत प्रोजेक्ट को नुकसान, पैदल पुल भी बहा
वहीं रामपुर उपमंडल में मंगलवार शाम को भारी बारिश हुई। शाम 5:00 बजे के करीब शुरू हुई बारिश देर रात तक जारी रही। भारी बारिश से नदी, खड्ड और नाले उफान पर आ गए। उपमंडल के पंद्रह बीस क्षेत्र की कूट खड्ड में अचानक बाढ़ आ गई। पानी के तेज बहाव के कारण खड्ड बने एक निजी विद्युत प्रोजेक्ट को भी काफी क्षतिग्रस्त हुआ है। बताया जा रहा कि प्रोजेक्ट की पाइप को सहारा देने के लिए लगाया डंगा ढह गया। इसे अलावा कूट पंचायत के सुरू गांव में एक पैदल पुल भी बह गया। इससे पूरे गांव का संपर्क कट गया है। पंचायत प्रधान सुषमा नेगी ने बताया कि शाम साढ़े पांच बजे खड्ड में अचानक भारी सैलाब आया। इससे नदी के दोनों ओर काफी कटाव हुआ है। पैदल पुल के बहने से सुरू गांव का संपर्क कट गया है। तेज बहाव से कूट गांव को जोड़ने वाले पुल को भी खतरा बना हुआ है। उधर, प्रशासन ने लोगों से नदी नालों के समीप नहीं जाने की अपील की है।