प्रवेश द्वार पर अवैध पार्किंग से बसों की आवाजाही प्रभावित, चालकों ने उठाई कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। परवाणू बस अड्डे के प्रवेश द्वार के बाहर दोनों ओर खड़े ट्रक, जीप और निजी वाहन एचआरटीसी बस चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। अवैध पार्किंग के कारण बसों को अड्डे के अंदर आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चालकों का कहना है कि कई लोग अपनी छोटी-बड़ी गाड़ियां और उद्योगों के वाहन यहां खड़े कर चले जाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। कुछ ट्रक तो कई दिनों तक वहीं खड़े रहते हैं। प्रवेश द्वार के पास वाहनों की भीड़ के कारण बसों को मोड़ने और निकालने में जोखिम बना रहता है और कई बार जाम की स्थिति भी पैदा हो जाती है, जिससे यात्रियों को भी परेशानी होती है। इस संबंध में बस अड्डा प्रभारी प्रीतम सिंह ने बताया कि समस्या को लेकर एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक को लिखित शिकायत भेजी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द कार्रवाई कर यहां खड़े वाहनों को हटवाया जाएगा, जिससे बसों की आवाजाही सुचारू हो सके।