दिग्गल कॉलेज में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन, विद्यार्थियों ने पेश किए कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की सदस्य प्रो. ममता मोक्टा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद स्वागत गीत और वंदे मातरम की प्रस्तुति दी गई। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. हरप्रीत कौर ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की विभिन्न गतिविधियों का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्यातिथि प्रो. ममता मोक्टा ने महाविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद संस्थान लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प सबसे महत्वपूर्ण हैं। इस अवसर पर खेलकूद, शिक्षा एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भांगड़ा, हरियाणवी, राजस्थानी एवं गिद्दा नृत्य, सितार वादन, योग और पहाड़ी नाटी की रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।