कंडाघाट कॉलेज के छात्रों ने किया मिंचीज फूड प्रोडक्ट्स का भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/कंडाघाट। राजकीय महाविद्यालय कंडाघाट के बीकॉम तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण के तहत मिंचीज फूड प्रोडक्ट्स का दौरा किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्पादन इकाई का दौरा किया और कच्चे माल की प्राप्ति से लेकर तैयार उत्पाद की पैकेजिंग तक की पूरी प्रक्रिया को समझा। संस्थान के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को खाद्य सुरक्षा मानकों, मशीनों के संचालन, भंडारण व्यवस्था और वितरण प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग के प्राध्यापकों डॉ. बविता और डॉ. विजय के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण ने विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक अनुभव से जोड़ने में मदद की। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रबंधकीय पहलुओं जैसे लागत नियंत्रण, गुणवत्ता आश्वासन और विपणन रणनीतियों पर भी प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मदन लाल मनकोटिया ने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और व्यावसायिक समझ को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।