मैनुअल स्क्वैंजर्स और अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत बैठकें आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय कुमार यादव की अध्यक्षता में मैनुअल स्क्वैंजर्स, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के तहत बैठकें आयोजित की गईं। इस मौके पर अजय यादव ने कहा कि जिले में हाथ से गंदगी उठाने वालों (मैनुअल स्क्वैंजर्स) का सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। सोलन जिले में कोई भी अस्वच्छ शौचालय और मैनुअल स्क्वैंजर्स नहीं पाया गया है। उन्होंने कहा कि मैनुअल स्क्वैंजर्स पर गठित समिति के सभी सदस्यों से आग्रह किया है कि अभी भी कोई व्यक्ति हाथ से गंदगी ढोने वाले की पहचान कर उसकी जानकारी 28 मई तक दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी तहसील कल्याण अधिकारियों को अस्थायी बस्तियों में शौचालय की सुविधाओं के निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे, जिसे पूरा कर लिया है। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान देशवासियों को बराबरी के अधिकार प्रदान करता है। जन-जन का सम्मान बनाए रखने के उद्देश्य से ही हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों के नियोजन का प्रतिषेध और उनका पुनर्वास अधिनियम, 2013 पारित किया गया है। इसके बाद सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने विभिन्न विषयों पर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी ने बैठक संचालन किया। इस अवसर पर नगर निगम सोलन की संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रियंका चंद्रा, पुलिस उप अधीक्षक अनिल धौल्टा व बद्दी खजाना राम, जिला पंचायत अधिकारी जोगिंद्र प्रकाश राणा, प्रबंधक लीड बैंक (यूको बैंक) तमन्ना मोदगिल सहित समितियों के सरकारी व गैर-सरकारी सदस्य समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।