{"_id":"58eb90574f1c1b462dcf50e5","slug":"busnessmen-now-take-a-charges","type":"story","status":"publish","title_hn":"आग लगने पर अब कारोबारी खुद संभालेंगे मोर्चा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आग लगने पर अब कारोबारी खुद संभालेंगे मोर्चा
सोलन, ब्यूरो
Updated Tue, 11 Apr 2017 12:03 AM IST
विज्ञापन
शहर में लगे हाइड्रेंट पर हुअा अवैध कब्जा।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर के अपर समेत अन्य बाजारों में बार-बार कारोबारियों के अतिक्रमण के कारण फेल हो रही अग्निशमन विभाग की आग बुझाने की कसरत से तंग आकर नप और दमकल विभाग अब कारोबारियों को ही प्रारंभिक स्तर पर आग पर काबू पाने में दक्ष बनाएंगे। शहर के मुख्य बाजार में आग लगने की स्थिति में अग्निशमन वाहन के पहुंचने से पहले ही कारोबारी खुद मोर्चा संभाल सकेंगे। इससे समय रहते जानमाल के खतरे को कम किया जा सकेगा।
विज्ञापन
यह संभव होगा नगर परिषद की पहल से। सोमवार को इस पहल का आगाज किया गया। इसमें अपर बाजार यूनियन को आग से निपटने के उपकरणों समेत नोजल वाली पाइपें दीं हैं। आपात काल में यह पाइपें सीधे हाइड्रेंट से जोड़ी जा सकेंगी और संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी जाएगी। पानी की बौछारों से आग पर काबू पाया जा सकेगा। इसके लिए जल्द ही कारोबारियों को दमकल विभाग प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
विज्ञापन
संकरी हुईं शहर की गलियां
सोलन के सभी मुख्य बाजार चाहे अप्पर बाजार, लोअर बाजार, लक्कड़ बाजार हो या फिर चौक बाजार कारोबारियों द्वारा किए अतिक्रमण से गलियां संकरी हो गई हैं। इससे यहां खरीदारी करने आने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अगर यहां कोई आगजनी की घटना घट जाए तो अग्निशमन वाहन का मौके तक पहुंचना टेढ़ी खीर साबित होता है। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटना से स्थानीय लोग और दुकानदार अपने जान माल का नुकसान झेल चुके हैं।
विज्ञापन
यह है योजना
नगर परिषद ने शहर के मुख्य बाजार जैसे अपर, लक्कड़, लोअर और चौक बाजार तथा माल रोड के कारोबारियों को शहर के हाइड्रेंटों तक आसानी से पहुंचने के लिए 40 फुट पाइप तथा नोजल भेंट किए। इससे कारोबारी आगजनी की घटना के वक्त अग्निशमन वाहन के आने तक बचाव कार्य अपने हाथों में ले सकेंगे। इससे कम से कम नुकसान होगा।
अग्निशमन विभाग देगा ट्रेनिंग
नगर परिषद कारोबारियों को बचाव उपकरण के इस्तेमाल करने की ट्रेनिंग भी देगी। कारोबारी बिना किसी परेशानी के आग लगने की सूरत में काम कर सकेंगे। नप ने दुकानदारों और कारोबारियों से बचाव के लिए हेलमेट और हैमर जैसे जरूरी उपकरण स्वयं लेने का आग्रह किया है।
आग से बचाव को बांटे जरूरी उपकरण: अध्यक्ष
नगर परिषद अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बताया कि शहर के सभी मुख्य बाजार सुरक्षा की दृष्टि से अतिसंवेदनशील हैं। कारोबारियों और दुकानदारों द्वारा किए अतिक्रमण ने समस्या को और भयानक रूप दे दिया है। ऐसे में कई बार आपातकाल समय में न ही एंबुलेंस और न ही कोई अग्निशमन वाहन इन संकरे रास्तों से गुजर पाता है।
भविष्य में ऐसी घटना न हो सके इसके लिए नप ने कारोबारियों को आग से बचाव के लिए जरूरी उपकरण दिए हैं। इस दौरान अपर बाजार संघ के अध्यक्ष गिरिश साहनी, उपाध्यक्ष अक्षय वर्मा, कोषाध्यक्ष रोहित बट्टू और राजेश समेत अग्निशमन विभाग के सुभाष चंद और कमलजीत तथा नप के ईओ बीआर नेगी मौजूद रहे।
छह माह में एक भी मॉकड्रिल सफल नहीं
शहर में आगजनी की घटना से निपटने के लिए छह माह से की जा रही मॉकड्रिल में से एक भी सफल नहीं हो पाई है। इसका कारण कारोबारियों का बाजार की सड़कों पर अतिक्रमण करना बताया जा रहा है। दमकल विभाग हर माह 15-15 दिन के बाद मॉकड्रिल करता है। लेकिन मॉकड्रिल अभी तक सफल नहीं हो पाई है।
दमकल विभाग की गाड़ियों को ओल्ड बस स्टैंड गंज बजार, अपर और चौक बाजार क्रॉस करने के लिए दो या तीन मिनट लगने चाहिए लेकिन यहां दस से बीस मिनट तक का समय लग रहा है। फायरब्रिगेड के फंसने की स्थिति में दुकानों के छज्जे और अन्य सामान को हटाना पड़ता है। इसके बाद ही वहां से दमकल विभाग का वाहन गुजर पाता है।