बद्दी में महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन, महिलाओं के योगदान और सशक्तीकरण पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय सहभागिता से आईआरजी संस्था, ग्लेनमार्क फाउंडेशन और राज्य एड्स नियंत्रण समिति के सहयोग से बद्दी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। बद्दी के महाराणा प्रताप भवन में आयोजित कार्यक्रम में दून के विधायक राम कुमार चौधरी मुख्यातिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीएम बद्दी राकेश धीमान उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग से सीडीपीओ एनआर नेगी और स्वास्थ्य विभाग से डॉ. गगन भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में बीबीएन क्षेत्र से 300 से अधिक आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, साथ ही विभिन्न सामाजिक संस्थाओं (एनजीओ) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मान देना और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। मुख्यातिथि राम कुमार चौधरी ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वास्थ्य, पोषण और जनजागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों की सराहना की। एसडीएम राकेश धीमान ने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए, जिससे समाज और देश दोनों मजबूत बन सकें। कार्यक्रम में महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, जागरूकता और सामाजिक सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आईआरजी संस्था से बलजिंदर सिंह और उनकी टीम, साथ ही आर्टी एनजीओ से किरणा देवी और उनकी टीम ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।