सराहां (सिरमौर)। पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने मढ़ीघाट-सुल्तानपुर सड़क की टारिंग दोबारा करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने यह आदेश मार्ग की हालत खस्ता होने की शिकायत मिलने के बाद दिए हैं। इससे पूर्व पच्छाद क्षेत्र की आधा दर्जन पंचायतों को लाभान्वित करने वाली मंढीघाट-सुल्तानपुर सड़क का निर्माण कार्य और टारिंग में चल रही लीपापोती को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत पच्छाद की विधायक रीना कश्यप से की।
बाग पशोग पचायत के उपप्रधान रोशनलाल शर्मा, राकेश कुमार, कमल, हरीश कुमार, शिशुपाल, जितेंद्र कुमार, मोहन सिंह और दलीप सिंह ने बताया कि मढ़ीघाट-सुल्तानपुर सड़क में पुलिया निर्माण, नालियों, डंगा निर्माण और टारिंग हो रही है। इसकी गुणवत्ता सही नहीं है। लिहाजा, इसकी जांच की जानी चाहिए। पिछले वर्ष मंढीघाट से टारिंग की गई थी वह 20 दिन के भीतर ही उखड़ गई। संबंधित विभाग से भी इसकी शिकायत की थी। सड़क पर ही धरना-प्रदर्शन भी किया। लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं दी। लोनिवि के सहायक अभियंता ने दोबारा टारिंग करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक टारिंग नहीं हो पाई है। इस संबंध में विधायक रीना कश्यप ने कहा कि सड़क पर कई ग्रामीण रोजाना आवाजाही करते हैं। ऐसे में इसकी खराब हालत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि विधानसभा क्षेत्र में बनाए जा रहे तमाम मार्गों की गुणवत्ता पर नजर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं होगा।