अंतर महाविद्यालय महिला प्रतियोगिता: मंडी को हराकर धर्मशाला बना कबड्डी का विजेता
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में अंतर महाविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला धर्मशाला और मंडी कॉलेज के बीच खेला गया।
विस्तार
डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में अंतर महाविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला धर्मशाला और मंडी कॉलेज के बीच खेला गया। इस मुकाबले में धर्मशाला ने मंडी को 45-15 से मात देकर ट्राफी अपने नाम की। इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में धर्मशाला ने पांवटा साहिब को 46-9 के अंतर से पराजित किया। दूसरे सेमीफाइनल में मंडी ने संजौली को 49-9 से हराया। फाइनल मुकाबले में धर्मशाला कॉलेज की टीम ने एकतरफा जीत हासिल करके ट्राफी अपने नाम की। तीसरे स्थान के लिए पांवटा साहिब ने एकतरफा मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय संजौली को पराजित किया। समापन समारोह में युवा सांस्कृतिक एवं खेल परिषद के अध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्राफी व प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 34 टीमों ने भाग लिया। प्रो. भारती ने सभी अतिथियों का आभार जताया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रेमराज भारद्वाज, उप-प्राचार्य डॉ उत्तमा पांडे, प्रो. रीना चौहान, प्रो. सलोनी सूद, डॉ. पंकज चांडक, डॉ. सरिता बंसल, प्रो. ट्विंकल, प्रो. शुभम, प्रो. अभिलाषा, प्रो. दिव्या, पीटीए प्रधान कमला देवी मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश बास्केटबाल संघ की ओर कांगड़ा में 13 दिसंबर से राज्य स्तरीय सीनियर प्रतियोगिता करवाई जाएगी। संघ की ओर सभी जिला संघों को अपनी टीमों की लिस्ट जमा करवाने के लिए कहा गया है। प्रतियोगिता कांगड़ा के नगर परिषद मैदान में 13 से 15 दिसंबर तक होगी। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा। संघ के प्रदेशाध्यक्ष मनीष शर्मा और महासचिव अजय सूद ने कहा कि संघ की ओर राज्य स्तरीय सीनियर बॉस्केटबाल प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
होली की लीपाक्षी ने कुश्ती में जीता कांस्य
होली उपमंडल की कुठेड़ पंचायत की लीपाक्षी ने डीएवी स्कूलों की अंडर-14 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया है। नोएडा में राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में विभिन्न प्रदेशों के 250 कुश्ती प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। लीपाक्षी ने सफलता का श्रेय परिजनों और शिक्षकों को दिया। लीपाक्षी ने बताया कि स्कूली स्तर की अंडर-14 राष्ट्रीय प्रतियोगिता नोएडा में हुई। इसमें 50 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।