रोहडू़। आउटसोर्स कर्मचारी संघ जिला शिमला की बैठक रोहडू़ के एसडीएम कार्यालय सभागार में हुई। बैठक कर्मचारी संघ की राज्य कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष पवन किकटा अध्यक्षता और महासचिव अवेधश सरोच की मौजूदगी में हुई। इस दौरान प्रदेश सरकार की ओर से आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए स्थायी नीति बनाने की मांग को लेकर चर्चा की गई। सरकारी विभागों में दस सालों से सेवाएं दे रहे आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपने भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त की।
इसमें आम सहमति से संघ का जिला अध्यक्ष सुशील भीख्टा को चुना गया। जिला कार्यकारिणी में कुलदीप, सुरेश शर्मा को उपाध्यक्ष, मीनाक्षी, मितम ठाकुर को महासचिव, अश्वनी शर्मा, अशोक और लोकेंद्र को संयुक्त सचिव, ललित ठाकुर और प्रेम को कोषाध्यक्ष चुना गया है। संघ की रोहडू़ इकाई का भी गठन किया गया। संदीप को रोहडू़ इकाई का अध्यक्ष, शिशुपाल हिस्टा को उपाध्यक्ष, मीनाक्षी और श्याम सिंह को सर्वसम्मति से सचिव नियुक्त किया गया।