रामपुर बुशहर। उप डाकघर निरमंड में डाक मंडल रामपुर बुशहर की ओर से वित्तीय वर्ष 2021- 22 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले एमपीकेबीवाई और एसएएस एजेंटों को सम्मानित कर उन्हें बचत के इस क्षेत्र में और अच्छा कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
निरमंड डाकघर में आयोजित समारोह में रामपुर बुशहर डाक मंडल के अधीक्षक सुधीर वर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उन्होंने इस दौरान निरमंड उप डाकघर के तहत कार्यरत एमपीकेबीवाई और एसएएस एजेंटों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभाग की ओर से ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें निरमंड की ज्योति शर्मा को प्रथम, उषा शर्मा को द्वितीय और बबीता को तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया। एसएएस एजेंटों की कैटेगरी में ज्योति शर्मा को प्रथम, मेहर चंद शर्मा को द्वितीय, पूनम शर्मा को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इस दौरान अधीक्षक डाकघर रामपुर बुशहर सुधीर वर्मा ने डाकघर बचत योजनाओं के एजेंटों को डाक विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न डाक सेवाओं और अन्य योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डाक विभाग के बचत एजेंट सरकार की वित्तीय सेवाओं को आम जनमानस तक पहुंचाने में एक अहम भूमिका अदा करते हैं। इस समारोह में सब पोस्टमास्टर निरमंड डाकघर राहुल ने मुख्यातिथि डाक अधीक्षक रामपुर बुशहर मंडल सुधीर वर्मा को पुष्प गुच्छ प्रदान कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में विभाग के सीआई मनोज कुमार, आईपीओ धीरमल चौहान, ओएस जितेंद्र चौहान, एसपीएम निरमंड राहुल यादव, निरमंड नगर के वरिष्ठ नागरिक तिलक राज काश्यप मौजूद रहे।