करसोग (मंडी)। एकी जूना ले साथियों मारे, बोटा देंदें जाणा, चालो मेरे युवा साथियों मारे, सही बटन दबाणा, मतदान के लिए जागरूक करने वाला यह गीत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगणा की बारहवीं की छात्रा नमू चौहान ने गाया है। लोेकसभा चुनाव-2024 के मद्देनजर करसोग विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय बोली में तैयार किए गए मतदाता जागरूकता गीत को एसडीएम राजकुमार ने शुक्रवार को जारी किया। स्कूल के राजनीतिक शास्त्र के प्रवक्ता ललित ठाकुर ने इस गीत को लिखा है और संगीतबद्ध भी किया है। संगीत हरि सिंह गौतम का है, जबकि डोलक की आवाज दिनेश गौतम की है। इस गीत को एमसी फील्म प्रोडक्शन पांगणा के बैनर तले तैयार किया गया है। गाने की लाॅन्चिंग पर एसडीएम राजकुमार ने कहा कि नमू ने इस गाने को अपनी आवाज देकर लोकतंत्र के महापर्व में सबसे बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह गीत क्षेत्र में मतदान प्रतिशतता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। गाने को स्वीप गतिविधियों के तहत तैयार किया गया है। इस अवसर पर तहसीलदार करसोग कैलाश कौंडल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगणा के प्रधानाचार्य संजय ठाकुर, स्वीप अधिकारी पंकज गुप्ता, राजेश कुमार, हुक्म चंद और देवेंद्र कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।