{"_id":"6afae03829d0fa7e3e06c2c7","slug":"district-congress-committee-kinnaur-rampur-hp-news-c-178-1-ssml1032-175000-2026-11-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rampur Bushahar News: मतदाता सूचियों में पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की उठाई मांग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rampur Bushahar News: मतदाता सूचियों में पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की उठाई मांग
विज्ञापन
विज्ञापन
रिकांगपिओ में कांग्रेस ने उठाया वोट चोरी का मुद्दा, वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान की हुई समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)।
जिला कांग्रेस कमेटी किन्नौर ने सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय रिकांगपिओ में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रेस वार्ता और संगठनात्मक बैठक की। इसमें एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री राव दान सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने की। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मताधिकार की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद हैं। ऐसे में मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष होनी चाहिए ताकि किसी भी पात्र मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित न होना पड़े। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है। मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा करना चुनाव आयोग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बैठक के दौरान संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ अभियान को आगे बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करें। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मताधिकार की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी। इस मौके पर राम सिंह नेगी, ठाकुर सिंह बिष्ट, कीर्ति नेगी, चैन राम नेगी, पूरन सिंह समद भादर, अजय ठाकुर, विवेक नेगी सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
