रिकांगपिओ (किन्नौर)। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में कांग्रेस यंग बिग्रेड ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान रोष रैली निकालते हुए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश की लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने ऐसा करने से रोक दिया।
जिला कांग्रेस यंग ब्रिगेड के अध्यक्ष प्रशांत नेगी ने कहा कि केंद्र सरकार की नरेंद्र मोदी सरकार समय-समय पर विभिन्न प्रकार के बिल लाकर जनमानस को तंग करने का काम कर रही है। अब अग्निपथ योजना युवाओं पर थोपने का काम किया जा रहा है। आज युवा बेरोजगार है, जबकि प्रधानमंत्री ने हर वर्ष दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था।
उन्होंने कहा कि किन्नौर जिले के युवा अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे हैं और अगर केंद्र सरकार ने इस योजना को वापस नहीं लेती है तो आने वाले समय में इसके विरोध में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा इसके तहत दो दिन के बाद किन्नौर दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का विरोध काले झंडे दिखाकर किया जाएगा। रैली में यंग ब्रिगेड, इंटक और सेवादल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।