{"_id":"6a7ac0f994cdaf785c0d98aa","slug":"mandi-chhalwar-illegal-cannabis-cultivation-3-11-lakh-plants-destroyed-2026-08-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mandi News: आठ बीघा जमीन में लहलहा रही थी भांग की फसल, 3.11 लाख पौधे मिले; पुलिस ने मौके पर किया नष्ट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mandi News: आठ बीघा जमीन में लहलहा रही थी भांग की फसल, 3.11 लाख पौधे मिले; पुलिस ने मौके पर किया नष्ट
Tue, 11 Aug 2026 11:58 AM IST
Ankesh Dogra
संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी।
संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी।
Published by: Ankesh Dogra
Updated Tue, 11 Aug 2026 11:58 AM IST
सार
मंडी के औट क्षेत्र के छलवार में पुलिस ने भांग की अवैध खेती का बड़ा मामला पकड़ा है। वन विभाग की जमीन पर करीब आठ बीघा क्षेत्र में 27 पटीदार खेतों में 3,11,110 पौधे मिले। पुलिस ने 3,11,100 पौधों को मौके पर ही जड़ समेत नष्ट कर दिया, जबकि 10 पौधे नमूने के लिए सुरक्षित रखे। पुलिस थाना औट में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
औट के छलवार में अवैध भांग की खेती के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विस्तार
मंडी जिले के औट क्षेत्र में पुलिस ने भांग की अवैध खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छलवार क्षेत्र में करीब आठ बीघा जमीन पर 27 पटीदार खेतों में भांग की फसल लहलहाती मिली। पुलिस टीम ने मौके से कुल 3,11,110 भांग के पौधे बरामद किए। इनमें से 3,11,100 पौधों को मौके पर ही जड़ समेत उखाड़कर नष्ट कर दिया गया, जबकि 10 पौधों को जांच के लिए नमूने के रूप में सुरक्षित रखा गया है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार सोमवार को टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी और अवैध भांग की खेती की तलाश भी की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम पंचायत सोगमाड़ के छलवार गांव के मुहाल चलौट में वन विभाग की जमीन पर बड़े पैमाने पर भांग की खेती का पता चला। पुलिस ने मौके पर जांच की तो खसरा नंबर 482 में करीब आठ बीघा क्षेत्र में 27 पटीदार खेतों में भांग के पौधे उगे मिले। बड़ी संख्या में पौधे देखकर पुलिस टीम भी हैरान रह गई।
विज्ञापन
मौके पर ही नष्ट किए 3.11 लाख पौधे
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी और स्वतंत्र गवाह भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने नियमानुसार 10 पौधों को जड़ समेत उखाड़कर नमूने के तौर पर सुरक्षित किया। इन्हें सील कर जांच प्रक्रिया में शामिल किया गया है। बाकी 3,11,100 पौधों को पुलिस टीम ने मौके पर ही उखाड़कर नष्ट कर दिया। पुलिस ने यह कार्रवाई यह सुनिश्चित करने के लिए की कि बरामद पौधों का दोबारा किसी तरह इस्तेमाल न किया जा सके।
विज्ञापन
वन विभाग की जमीन पर किसने की खेती, जांच शुरू
मामले में पुलिस थाना औट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब पुलिस और राजस्व विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि वन विभाग की जमीन पर इतने बड़े क्षेत्र में भांग की खेती किसने की थी।
भूमि की निशानदेही और संबंधित दस्तावेज जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध खेती के पीछे कौन लोग शामिल थे और खेती का उद्देश्य क्या था। एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस ने अवैध नशे की खेती के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।