नेरचौक/रिवालसर (मंडी)। आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने सोमवार को बल्ह विस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन करते हुए उन्होंने हुंकार भरी। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम बल्ह विशाल शर्मा को उन्होंने अपना नामांकन 12:20 बजे सौंपा। इसके बाद ढोल नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रैली निकाली। रैली के बाद मंत्री ने डडौर स्थित निरंकारी सदन के मैदान में रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बल्ह की जनता के लिए आज तक कुछ भी नहीं किया है। विकास के नाम पर घाटी में एक पाई तक नहीं लगाई है। भाजपा को बल्ह की जनता से वोट मांगने का कोई अधिकार नही हैं। कांग्रेस ने क्षेत्र की हर मांग को पूरा करते हुए मेडिकल विश्वविद्यालय, एसडीएम ऑफिस, रिवालसर में सब तहसील, गागल में पुलिस चौकी, प्रदेश स्तर का स्काउट एंड गाइड प्रशिक्षण केंद्र, अस्पताल, स्कूलों और अस्पतालों का दर्जा बढ़ाया गया है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल में कांग्रेस भारी बहुमत से रिपीट हो रही है। वीरभद्र सातवीं बार सीएम बनेंगे। इस मौके पर बल्ह कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजय ठाकुर, बल्ह कांग्रेस चुनाव प्रभारी कुलदीप ठाकुर, मेजर अनिल महाजन, शंकर सैनी, शशि शर्मा, महेंद्र गुप्ता, लाभ सिंह ठाकुर, ओमी सैनी सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।