{"_id":"59ee00614f1c1b7a548b8ada","slug":"141508769889-mandi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए छूटेंगे पसीने","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए छूटेंगे पसीने
Updated Mon, 23 Oct 2017 08:14 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुंदरनगर (मंडी)। विधानसभा क्षेत्र सुंदरनगर के 101 मतदान केंद्रों में से दो मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां मतदान पार्टियों को घंटों पैदल चलकर दुर्गम मार्ग तय करना पड़ता है। ये मतदान केंद्र सड़क सुविधा से वंचित हैं। सुंदरनगर उपमंडल के तहत बटवाड़ा और जरठू ऐसे मतदान केंद्र हैं, जहां चुनाव पार्टियों को जाने के लिए आठ से लेकर दस किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ता है। जरठू मतदान केंद्र और पंजोलठ में तो मतदाताओं को डेढ़ से लेकर दो किलोमीटर पैदल चल कर अपने मत का प्रयोग करना पड़ेगा। यहां राजकीय प्राथमिक पाठशाला सोलग स्थित जरठू में चुनाव आयोग ने मतदान केंद्र स्थापित किया है। इस मतदान केंद्र में 82 वोटरों में 47 पुरुष और 35 महिलाएं शामिल हैं, जो अपने-अपने मत का प्रयोग करेंगे। लेकिन यहां की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए पहले तो पोलिंग पार्टी के पसीने छूटेंगे फिर वह अपने बूथ पर पहुंचेंगे। यहां 82 मतदाताओं में से करीब 40 से 50 वोटर ऐसे हैं जिन्हें अपने-अपने मत का प्रयोग करने के लिए डेढ़ से लेकर दो किलोमीटर दूर पैदल चलकर आना पड़ेगा। बटवाड़ा मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए पोलिंग पार्टियों को सुंदरनगर से स्नीहन तक गाड़ी के माध्यम से पहुंचाने की सुविधा मिलेगी। स्नीहन से बटवाड़ा तक करीब आठ किलोमीटर सफर पैदल करके पहुंचना पड़ेगा। जबकि, जरठू मतदान केंद्र में मतदान करने वाले वोटर जगदीश और शेर सिंह का कहना है कि मतदान केंद्र तक वोट डालने के लिए ऊबड़-खाबड़ रास्ते से करीब दो किलोमीटर पैदल चल कर वोट डालने जाना पड़ता है। बटवाड़ा मतदान केंद्र में 377 पुरुष और 360 महिला मतदाता सूची में शामिल हैं। जरठू मतदान केंद्र के बूथ अधिकारी नेक राम का कहना है कि जरठू मतदान केंद्र में बटवाड़ा से होते हुए पैदल पहुंचा जा सकता है। इसके अलावा कोलडैम के रास्ते आधा रास्ता वोट से और पौने घंटा पैदल चलकर जरठू मतदान केंद्र तक पहुंचा जा सकता है। इसके बारे में सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर देबाश्वेता बानिक ने कहा कि बटबाड़ा और जरठू मतदान केंद्र में पोलिंग पार्टियों को सुरक्षित पहुंचाया जाएगा। पार्टियों को जरठू तक पहुंचाने के लिए इस बार कोलडैम की झील के रास्ते वोट से भेजने की योजना है, जिससे कर्मचारियों को कम पैदल चलना पड़े।
विज्ञापन