कुल्लू। विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कुल्लू महाविद्यालय में कर्मचारियों के लिए पहले पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को चुनाव करवाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। डिजिटल माध्यम से चुनाव कार्य को समुचित रूप से संपन्न करवाने के लिए पोलिंग स्टेशनों को निर्वाचन के दिन सही समय पर तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं पोलिंग स्टेशन पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था से भी अवगत करवाया गया। रिटर्निंग अधिकारी और उपमंडलाधिकारी कुल्लू विकास शुक्ला की देखरेख में हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर ऑफिसर, तथा नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने कहा कि जिले में कुल पांच उपमंडल, सात तहसील, दो उपतहसीलों समेत कुल सात विकास खंड हैं। जिले की चारों विधानसभा में 568 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें 49 संवेदनशील जबकि छह अति संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। पूरी चुनावी प्रक्रिया को जिले में 2,272 कर्मचारी सेवाएं देंगे।