कुल्लू। जिला कुल्लू में एक माह बाद हुई बारिश-बर्फबारी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। जिले में शुक्रवार को मौसम साफ रहा। लेकिन लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। बर्फबारी से दो राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा 83 सड़के अवरुद्ध हैं। जिले में बिजली के करीब 200 से अधिक ट्रांसफार्मर बंद हैं। इससे बाह्य सराज के अलावा कुल्लू व आनी में करीब 300 गांवों में अंधेरा छाया है। जलशक्ति विभाग की भी करीब दो दर्जन पेयजल स्कीमों के प्रभावित होने की सूचना है।
हालांकि बर्फ का असर जिला कुल्लू की ऊझी घाटी के साथ लाहौल-स्पीति जिले में भी रहा। बंजार और बाह्य सराज घाटी में भारी बर्फबारी से कई गांवों को संपर्क कट गया है। हालांकि मौसम खुलने के बाद जनजीवन को पटरी पर लाने के लिए लोनिवि, एनएच अथॉरिटी, बिजली बोर्ड और जलशक्ति विभाग ने काम शुरू कर दिया है। दुर्गम इलाकों में बिजली बहाल करना विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों के लिए चुनौती बन गया है। दो दिन की बर्फबारी के बाद मौसम खुलने पर लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। मोहन लाल, देव राज, निका राम, टेक सिंह तथा गोपी चंद ने कहा कि बर्फबारी से जनजीवन ठहर गया है। रघुपुर घाटी में बिजली आपूर्ति वीरवार शाम से ठप है। इससे सैकड़ों लोग अंधेरे में रहने के लिए मजबूर हैं। उपायुक्त कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने कहा कि सड़क, बिजली व पानी को बहाल करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।