परागपुर (कांगड़ा)। विकास खंड कार्यालय परागपुर में मंगलवार को प्रसिद्ध श्री कालीनाथ मंदिर ट्रस्ट (कालेश्वर) की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता बीडीओ परागपुर अशोक कुमार ने की। इस अवसर पर मंदिर अधिकारी एवं तहसीलदार परागपुर परमानन्द रघुवंशी और नायब तहसीलदार बलविंदर सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं, यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था की समीक्षा करना था।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस बार इंतजामों को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। पुलिस प्रशासन की ओर से एसएचओ रक्कड़ कृष्ण चंद और एसएचओ संसारपुर-टैरेस कृष्ण चंद ने कानून व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए अपने सुझाव साझा किए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता पुरुषोत्तम लाल, जुगल किशोर, विद्युत बोर्ड शांतला के एसडीओ कृष्ण लाल व कनिष्ठ अभियंता अवतार और राजस्व विभाग से नरेंद्र, अंकुश धीमान व संजीव शर्मा को दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके साथ ही श्री कालीनाथ मंदिर ट्रस्ट के सदस्य धर्मपाल, जग्गा सिंह, अंजना, श्याम लाल, संजीव, राजेश कुमार, पवन कुमार और हेमराज ने भी व्यवस्थाओं को लेकर अपनी राय रखी। संवाद