हिमाचल: सीएम सुक्खू बोले- भाजपा सांसद बताएं पीएम के घोषित 1500 करोड़ कहां गए
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए भाजपा के चारों सांसदों ने इस राशि को दिलाने व हिमाचल के हितों की केंद्र सरकार के समक्ष कितनी बार आवाज उठाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा के सांसदों से जनता को यह भी पूछना चाहिए कि प्राकृतिक आपदा के बाद प्रधानमंत्री की ओर से हिमाचल के लिए घोषित 1,500 करोड़ रुपये की सहायता राशि आखिर कहां है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए भाजपा के चारों सांसदों ने इस राशि को दिलाने व हिमाचल के हितों की केंद्र सरकार के समक्ष कितनी बार आवाज उठाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के पास ईडी, सीबीआई सहित सभी जांच एजेंसियां हैं और वह जिस भी एजेंसी का इस्तेमाल करना चाहे, कर सकती हैं, लेकिन वर्तमान सरकार में कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं है जिसके लिए भाजपा भी यह नहीं कह सकती कि वर्तमान सरकार में किसी ने भ्रष्टाचार किया है।
सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की जनता को भाजपा के चारों सांसदों और विधायकों से पूछना चाहिए कि हिमाचल पर संकट आने पर वे प्रदेश के हितों की पैरवी के लिए कितनी बार प्रधानमंत्री के पास गए। आखिर जनता उन्हें वोट क्यों दे।
बुधवार को राजीव भवन में कांग्रेस सेवादल की बैठक में मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि भाजपा के चारों सांसदों ने कभी हिमाचल प्रदेश के हितों की आवाज नहीं उठाई। केंद्र सरकार ने राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) और जीएसटी क्षतिपूर्ति बंद कर प्रदेश के साथ अन्याय किया, लेकिन भाजपा सांसदों ने इसका विरोध तक नहीं किया। सुक्खू ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार प्रदेश पर भारी कर्ज और देनदारियां छोड़कर गई। आज सरकार को कर्ज का ब्याज चुकाने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है। सांसद आपदा के लिए भी प्रदेश को राहत नहीं दिला सके। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा सरकार के समय कुछ मामलों में तो पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन तक दर्शा दिए गए। पर किसी दोषी को नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पांच मेडिकल कॉलेजों में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ऑटोमेशन टेस्ट मशीनें लगाई जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि पड़ोसी राज्यों के सरकारी अस्पतालों में भी वह सुविधा उपलब्ध नहीं है, जो हिमाचल में रोबोटिक सर्जरी के रूप में दी गई है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश के लाखों युवाओं के साथ धोखा किया। पेपर लीक मामलों ने युवाओं का भरोसा तोड़ा और भाजपा सरकार ने उनकी भावनाओं की अनदेखी की। नीट छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी जब छात्रों के समर्थन में खड़े हुए तो उन्हें भी वहां से उठा दिया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार सेवादल को भी यह महसूस हुआ होगा कि वर्तमान सरकार ने संगठन का सम्मान किया है। कांग्रेस सरकार ने सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष को भी बोर्ड का अध्यक्ष बनाकर संगठन के कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का काम किया है।
कांग्रेस छात्रों के साथ, भाजपा कांग्रेस के विरोध में सड़क पर : सुक्खू
प्रदेश विश्वविद्यालय के 57वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। नीट पेपर लीक मामले पर कांग्रेस के आंदोलन का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसलिए प्रदर्शन कर रही है क्योंकि नीट पेपर लीक हुआ है और वह छात्रों के साथ खड़ी है। भाजपा इसलिए प्रदर्शन कर रही है क्योंकि कांग्रेस नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। हम सच के साथ खड़े हैं और वह झूठ के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक के मामले भाजपा सरकारों के समय ही सामने आए। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर के कार्यकाल में हिमाचल कर्मचारी चयन आयोग से प्रश्नपत्र लीक हुए और बेचे गए। उनकी सरकार ने मामले की जांच करवाई, आयोग को भंग किया और पेपर लीक में शामिल लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। उन्होंने कहा कि वर्षों तक सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं के साथ पेपर लीक सबसे बड़ा अन्याय है और केंद्र सरकार को इसकी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। राहुल गांधी पर छात्रों को राजनीति के लिए इस्तेमाल करने के भाजपा के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का छात्रों के साथ खड़ा होना राजनीति नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस केंद्र सरकार से दो सवाल पूछ रही है। पहला, राम मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी करने वाले कौन हैं और दूसरा, नीट पेपर लीक कराने वाले कौन हैं। उन्होंने कहा कि इन दोनों मामलों में सच्चाई देश के सामने आनी चाहिए। आरडीजी बंद करने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने न केवल संविधान की भावना का उल्लंघन किया है बल्कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के साथ भी अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की पर्यावरणीय सेवाओं के बदले प्रदेश को 90 हजार करोड़ रुपये का पारिस्थितिकी मानदेय मिलना चाहिए। साथ ही 40 वर्ष पूरे कर चुकी जलविद्युत परियोजनाओं में 40 प्रतिशत रॉयल्टी और उनका स्वामित्व प्रदेश को वापस मिलना चाहिए। मानसून की स्थिति पर मुख्यमंत्री ने बताया कि किन्नौर और कांगड़ा में बादल फटने से 19 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। वह जल्द प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
सभी कांग्रेस जिला, ब्लॉक अध्यक्ष 23, 24 और 25 जुलाई को करेंगे धरना-प्रदर्शन
कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार की कथित तानाशाही और पार्टी नेताओं पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन का आह्वान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सभी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों को 23, 24 और 25 जुलाई को अपने-अपने क्षेत्रों में धरना-प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं। यह विरोध लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ है। विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस देश के युवाओं और छात्रों के हितों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर युवाओं की आवाज को सत्ता के बल पर कुचलने का आरोप लगाया। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों पर पुलिस की बर्बरता की कड़ी आलोचना की। उन्होंने जोर देकर कहा कि छात्रों और युवाओं का आक्रोश अब दबने वाला नहीं है। देश अब भाजपा की तानाशाही, भ्रष्टाचार और कुशासन से मुक्ति चाहता है। विनय कुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा की तानाशाही के खिलाफ सभी को एकजुट होकर आगे आने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस देश के छात्रों और युवाओं की आवाज को दबने नहीं देगी। भाजपा शासनकाल में छात्रों के भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़ बहुत ही चिंताजनक है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने सीबीएसई और अन्य परीक्षाओं में धांधली पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। इन घटनाओं के कारण देश की शिक्षा प्रणाली कटघरे में आ गई है। विनय कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर अपनी जिम्मेदारी से भागने का आरोप लगाया। विनय कुमार ने केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार और कुशासन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। यह स्थिति देश के भविष्य के लिए गंभीर परिणाम ला सकती है। कांग्रेस इन मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी। वह जनता की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हर जिले में कॉल पर तुरंत पहुंचने वाले पांच-पांच पदाधिकारी तैयार होंगे : विनय
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि हर जिले में कांग्रेस के विभिन्न फ्रंटल संगठनों से पांच-पांच ऐसे पदाधिकारी तैयार किए जाएंगे, जो पार्टी के किसी भी आह्वान पर तुरंत सक्रिय होकर मौके पर पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों को सरकार में जिम्मेदारियां देकर अच्छा संदेश दिया गया है और अब संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। विनय कुमार कांग्रेस कार्यालय शिमला में कांग्रेस सेवादल के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल सहित सभी फ्रंटल संगठनों से ऐसे सक्रिय पदाधिकारियों की टीम बनाई जाएगी, ताकि संगठन की गतिविधियों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मुख्यधारा में और अधिक मजबूत बनाना है तो हर कार्यकर्ता को जनता के बीच जाकर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। अपने संबोधन में उन्होंने नीट छात्र आंदोलन का भी जिक्र करते हुए कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों को न्याय दिलाया जाएगा और कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है।