Himachal News: केंद्र से हिमाचल की सड़कों और पुलों के लिए मिले 267 करोड़ रुपये, मांगें हैं 1400 करोड़ रुपये
हिमाचल सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पूंजी परिव्यय के तहत केंद्र से अलग-अलग सड़क परियोजनाओं के लिए 1,400 करोड़ रुपये मांगे हैं, जिसमें पहली किस्त 267 करोड़ रुपये केंद्र ने जारी कर दिए हैं।
विस्तार
केंद्र सरकार ने हिमाचल में नेशनल हाईवे के सुदृढ़ीकरण समेत अलग-अलग सड़क परियोजनाओं के लिए 267 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। राज्य सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पूंजी परिव्यय के तहत केंद्र से अलग-अलग सड़क परियोजनाओं के लिए 1,400 करोड़ रुपये मांगे हैं, जिसमें से पहली किस्त के तौर पर केंद्र ने 267 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि चंबा और ऊना में तीन-तीन पुलों का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं, 54.37 करोड़ रुपये निगुलसरी-नाथपा सड़क पर भूस्खलन रोकने पर खर्च होंगे। 40.85 करोड़ से कटोरी बांगड़ा-बनीखेत-चंबा-भरमौर सड़क के केरू पुल के समीप भूस्खलन रोका जाएगा। वहीं, कटोरी बांगड़ा-बनीखेत-चंबा-भरमौर भट्टी नाला पुल के समीप सड़क को टूलेन बनाने पर 48 करोड़ खर्च होंगे। ऊना में बरना और बोरे वाली खड्ड पर 2 पुलों के निर्माण सहित अन्य कार्यों की परियोजना रिपोर्ट तैयार करने को 24.27 करोड़ और स्वां नदी पर पुल निर्माण के लिए 36.93 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ठियोग बाईपास से होकर गुजरने वाली कालका-शिमला-वांगतू सड़क के रखरखाव, सैंज-लूहरी-औट सड़क सहित संवेदनशील स्थानों पर मरम्मत कार्य और ढली-ठियोग-नारकंडा-रामपुर सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने सड़कों के लिए प्रथम चरण में 267 करोड़ रुपये जारी करने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया है।
4.156 किमी होगी जलोड़ी जोत टनल की लंबाई
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जलोड़ी-जोत टनल का अलाइनमेंट कार्य पूरा किया जा चुका है। इसकी लंबाई 4.156 किलोमीटर होगी। करीब 1,452 करोड़ रुपये से इसकी डीपीआर बनाई जा रही है। पर्यटन और सामरिक दृष्टि से भी यह टनल महत्वपूर्ण है।