Himachal Pradesh: रोहतांग के समीप ऑल्टो कार खाई में गिरी, चार की मौके पर ही मौत; एक घायल की हालत गंभीर
Manali Car Accident : हिमाचल प्रदेश में एक ऑल्टो कार नंबर HP 01 K-7850 खाई में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई हैं। वहीं, एक गंभीर घायल है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
रोहतांग मार्ग पर राहनीनाला के पास एक आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसा रविवार दोपहर के समय पेश आया, कार में चालक समेत पांच लोग सवार थे, जिनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल मनाली से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया है। उधर, पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार को सिमसा के एक होटल के कर्मचारी रोहतांग घूमने जा रहे थे कि दोपहर लगभग 12:30 बजे राहनीनाला के समीप उनकी आल्टो कार नंबर एचपी 01 के -7850 अनियंत्रित होकर लगभग 300 फीट खाई में जा गिरी। हादसा इतना खतरनाक था कि कार के परखचे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही मढ़ी पुलिस चौकी में तैनात जवान मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। उसके बाद मनाली थाना से पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। इस हादसे में घायल हुए एक व्यक्ति को खाई से निकालकर अस्पताल भेजा गया, जबकि चालक सहित चार की मौके पर ही मौत हो गई। गहरी खाई से शवों को बाहर निकलने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्क्त करनी पड़ी। दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि मौसम खराब होने के कारण राहनीनाला क्षेत्र में काफी धुंध छाई हुई थी। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि विजीविल्टी कम होने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा होगा, जिस कारण यह हादसा पेश आया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि इस हादसे में चार की मौके पर ही मौत हो गई, एक की हालत गंभीर है।
हादसे के मृतकों की सूची
दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय नरेंद्र कुमार उर्फ पन्ना लाल पुत्र चंद्र राम निवासी सिमसा (कुल्लू), 31 वर्षीय रणजीत सिंह पुत्र पुर्जन दास मकान नंबर 14 गांव मंड, जिला होशियारपुर (पंजाब), 27 वर्षीय हरविंद्र सिंह पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी थिंदा, होशियारपुर (पंजाब), 32 वर्षीय दीमा राम पुत्र शेर सिंह गांव व डाकघर तेवन, तहसील करसोग जिला मंडी के रूप में हुई है। हादसे में घायल रवि कुमार पुत्र सोमराज निवासी होशियारपुर (पंजाब) की हालत भी नाजुक है। उसे मनाली से कुल्लू रेफर किया गया है।
वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला कुल्लू में मनाली के रानीनाला के निकट हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल हुआ है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायल हुए व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
पुलिस थाना मनाली क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों की दु:खद मृत्यु एवं एक अन्य के गंभीर रूप से घायल होने का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है।
— Sukhvinder Singh Sukhu (@SukhuSukhvinder) July 6, 2025
स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायल व्यक्ति को त्वरित उपचार के लिए समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
ईश्वर दिवंगत…