नादौन। उपमंडल नादौन के ब्यास पुल पर बने एक गड्ढे से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धर्मशाला में चल रही भाजपा की बैठक के दौरान नादौन से होकर अधिकांश भाजपा नेताओं और मंत्रियों का आना-जाना लगा रहा। इस बीच कई माह से नादौन व्यास पुल पर बने गड्ढे को आनन-फानन में समतल तो कर दिया। लेकिन पुल के ऊपर सड़क की जर्जर हालत ज्यों की त्यों बनी हुई है। इस गड्ढे की मरम्मत के लिए स्थानीय लोग 6 माह से गुहार लगा रहे हैं। यहां कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।
एसडीएम नादौन विजय धीमान भी इस समस्या का कड़ा संज्ञान ले चुके हैं और उन्होंने स्वयं पहल करके इस स्थल की मरम्मत के लिए विभाग को पत्र लिखा है। परंतु आज तक इस समस्या का समाधान नहीं हो सका। स्थानीय लोगों अजय, विजय, रामस्वरूप, सुदर्शन सिंह, योगराज, तरुण, महेश, नीलम, शम्मी और मधुकर ने कहा कि नादौन से ज्वालाजी की ओर जाते समय जैसे ही पुल आरंभ होता है उस स्थल पर सड़क उखड़ी होने के कारण एक स्पीड ब्रेकरनुमा गड्ढा बन गया था। सड़क से थोड़ा ऊंचा होने के कारण गाड़ियों से टकराने के चलते इन्हें नुकसान पहुंचता रहा। उन्होंने कहा कि अगर विभाग ने इस समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया तो विभाग के विरुद्ध संघर्ष के लिए मजबूर हो जाएंगे। एसडीएम विजय धीमान ने कहा कि विभाग को अब दोबारा इस समस्या के समाधान के लिए पत्र लिखा जा रहा है।