हमीरपुर/सुजानपुर। जिले मंगलवार दोपहर बाद अंधड़ चलने से कई पेड़ जड़ से उखड़ गए। हमीरपुर-नादौन मार्ग पर पर्यटन निगम के कार्यालय के समीप चीड़ का पेड़ सड़क पर आ गिरा। इससे करीब आधा घंटा यातायात बाधित रहा। बाद में जेसीबी की मदद से पेड़ को यहां से हटाया गया, तब वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। सड़क पर यातायात बंद रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने पक्का भरो से कृष्णानगर और नालटी बाईपास से वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग किया।
वहीं, नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर तीन में तेज हवा से एक बड़ा आम का पेड़ दो मंजिला पक्के बने नए मकान पर गिर गया। इससे मकान के एक हिस्से में दरारें आ गईं। इस मकान में एक सप्ताह के बाद गृह प्रवेश था। इससे करीब पौने तीन लाख का नुकसान आंका जा रहा है। नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर 3 में अंजना ठाकुर ने हाल ही में दो मंजिला मकान का निर्माण करवाया था। 7 जून को नए मकान के गृह प्रवेश को लेकर के तैयारियां की जा रही थीं, लेकिन मंगलवार दोपहर बाद तेज हवाओं से एक विशाल आम का पेड़ मकान के ऊपर के गिर गया। इससे भारी नुकसान हुआ है। जोरदार आवाज होते ही नजदीक में रहने वाले नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं पार्षद मनोज ठाकुर घटनास्थल की ओर दौड़े और उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए विद्युत विभाग को विद्युत लाइन बंद करने तथा राजस्व विभाग को भी इस घटना की सूचना दी। इस संबंध में तहसीलदार रवि कुमार ने बताया कि राजस्व विभाग के पटवारी को मौके पर भेजा है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। ताकि पीड़ित को सही आंकलन करके सहायता की जा सके।