{"_id":"2050305078ef964d7f97f9818c9c0c74","slug":"there-is-no-furniture-arrangement-in-circut-house-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ढाई करोड़ के सर्किट हाउस में फर्नीचर नहीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ढाई करोड़ के सर्किट हाउस में फर्नीचर नहीं
अमर उजाला ब्यूरो, हमीरपुर
Updated Thu, 03 Dec 2015 10:31 PM IST
विज्ञापन
हमीरपुर। सर्किट हाउस हमीरपुर का नवनिर्मित 16 कमरों वाला भवन करीब एक साल से सफेद हाथी साबित हो रहा है। ढाई करोड़ की लागत से निर्मित इस बहुमंजिले भवन में फर्नीचर की व्यवस्था नहीं हो पाई है।
विज्ञापन
इस भवन का शिलान्यास 2 नवंबर 2011 को तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने किया। वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही इस बहुमंजिले भवन का निर्माण कार्य पूरा हुआ है। लेकिन बजट खत्म होने के बाद इस भवन में फर्नीचर की व्यवस्था नहीं हो पाई। बिना फर्नीचर व अन्य मूलभूत सुविधाओं वाले इस बहुमंजिले भवन का मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 11 अप्रैल 2015 को लोकार्पण कर दिया।
विज्ञापन
लोकार्पण के आठ माह बीत जाने के बाद भी इस बहुमंजिला भवन के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ है। लोनिवि और जिला प्रशासन कई बार प्रदेश सरकार के समक्ष फर्नीचर के लिए बजट की मांग कर चुका है। लेकिन अभी तक प्रदेश सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग पाई। इसी बीच हमीरपुर के लिए स्वीकृत मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन के लिए इस सर्किट हाउस को प्रयोग में लाने की बातें शुरू हो गईं। मेडिकल कॉलेज का शोर अभी थमा भी नहीं था कि बाद में इस भवन को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के सुपुर्द करने की चर्चाएं शुरू हो गईं। भारी विरोध के बाद प्रदेश सरकार ने इस भवन को मेडिकल कॉलेज और टूरिज्म को नहीं देने का निर्णय लिया। बावजूद अभी तक यह सर्किट हाउस आम लोगों की सुविधा के लिए खोला नहीं जा सका है।
विज्ञापन