नादौन (हमीरपुर)। उड़ीसा के भुवनेश्वर में आयोजित सब जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे प्रदेश के 16 सदस्यीय दल में प्रतिभावान खिलाड़ी तेजस्विनी ठाकुर ने अपना प्रथम मुकाबला जीत लिया है। राष्ट्रीय बैडमिंटन संघ के संयुक्त सचिव एवं प्रदेश संघ के महासचिव राजेंद्र शर्मा ने बताया कि तेजस्विनी ने केरला की मेघा को सीधे सेटों में 21-19 और 21-16 से मात देकर जीत हासिल की है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी तेजस्विनी ने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़िया प्रदर्शन कर चुकी है। प्रदेश की टीम में हमीरपुर से शिवांश, ऊना से अनिका खान और दिवांश, कांगड़ा से दिव्यांश दुग्गल, सोलन से मृणांक शर्मा, बिलासपुर से प्रणव चंदेल, सिरमौर से तेजस्विनी ठाकुर व हर्षित नौटियाल, मंडी से आस्था शर्मा व परीक्षा, शिमला से प्रांजल चौहान, पार्थिव व समक्ष धाल्टा शामिल हैं। उनके साथ बतौर कोच दातुल चौहान और बलबीर पटियाल गए हैं।