हमीरपुर। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को अपने जन्मदिवस के उपलक्ष्य पर प्रदेशभर के सरकारी स्कूलों के मेधावी छात्रों से बात की। इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या हमीरपुर की जमा दो की छात्रा नेहा भारद्वाज ने भी मुख्यमंत्री से बातचीत की और उन्हें उनके जन्मदिवस की बधाई दी। नेहा भारद्वाज जमा दो मेडिकल विषय की छात्रा है। नेहा भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने सर्वप्रथम मुुुुुख्यमंत्री को जन्मदिवस की बधाई दी। उसके बाद मुख्यमंत्री ने उनसे जीवन का लक्ष्य पूछा तो उन्होंने कहा कि वे कार्डियोलॉजिस्ट बनना चाहती हैं। ऐेसे में मुुख्यमंत्री ने कहा कि हमें आपके कार्डियोलॉजिस्ट बनने का इंतजार रहेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूलों को लेकर भी सुझाव पूछे। नेहा ने कहा कि वार्षिक परीक्षाओं से दो माह पहले स्कूल लगने चाहिए ताकि, छात्रों को जो भी परेशानियां हैं उनका समय पर समाधान हो सके। सप्ताह में एक बार छात्रों को अपनी आशंकाओं को दूर करने के लिए क्लास लगनी चाहिए ताकि, जिस भी विषय में मुश्किल हो रही है, उसे समय पर सुलझाया जा सके। नेहा ने कहा कि यह उनके लिए बहुत ही अच्छा अनुभव रहा। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक दिलबर जीत चंद्र ने कहा कि इस दौरान जिला भर से 79 छात्र जुड़े हुए थे। सभी ने अपने-अपने घरों से मुख्यमंत्री की बात सुनी। जिसमें से जमा दो की छात्रा नेहा भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रदेश भर से लगभग 2 दो हजार छात्र ऑनलाइन जुड़े हुए थे।