हमीरपुर। जिला हमीरपुर को टीबी उन्मूलन के लिए मिला सिल्वर मेडल मंगलवार को मुख्य चिकित्साधिकारी ने शिमला में स्वास्थ्य सचिव से प्राप्त किया। वर्ष 2021 में टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में जिले में किए गए बेहतरीन कार्यों के लिए यह मेडल मिला है। इससे पूर्व जिला को दिल्ली में भी सम्मानित किया जा चुका है, लेकिन अब प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने भी जिले को सम्मानित किया है। इससे पूर्व भी जिले को टीबी उन्मूलन में कांस्य पदक मिला था।
अब शिमला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री और जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा ने सिल्वर मेडल प्राप्त किया। डॉ. सुनील वर्मा ने बताया कि 2015 के सर्वे में आए कुल मरीजों के मुकाबले प्रत्येक वर्ष आने वाली 40 से 60 फीसदी कमी के आधार पर उस वर्ष के लिए मेडल मिलता है। जिला हमीरपुर में 40 से 60 फीसदी मरीज कम हुए हैं इसलिए सिल्वर मेडल मिला है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इस सफलता का श्रेय सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मेडिकल ऑफिसर, सीएचओ और फील्ड में काम कर रहीं आशा वर्कर्स को दिया है।