डिडवीं टिक्कर/हमीरपुर। जिला मुख्यालय से डिडवीं टिक्कर रोड पर पड़ते मट्टनसिद्ध कस्बे किनारे बसे साई उगयाला गांव में दो मंजिला रिहायशी मकान में आग से दस लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। दमकल विभाग को सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम ने करीब ढाई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। विभागीय टीम ने करीब 30 लाख रुपये की अन्य संपत्ति को आग की चपेट में आने से बचाया है। हालांकि, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
हरि चंद पुत्र स्वर्गीय गरीब दास निवासी गांव साई उगयाला डाकघर डुग्घा तहसील और जिला हमीरपुर के दो मंजिला पक्के रिहायशी मकान में मंगलवार दोपहर करीब सवा बारह बजे अचानक आग लग गई। मकान की ऊपरी मंजिल से धुआं और आग की लपटें देख विपन कुमार ने दमकल विभाग को फोन पर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। इस अग्निकांड में मकान की ऊपरी मंजिल के चार कमरे, उनमें रखे चार बेड बॉक्स, चार सोफा सेट, रजाइयां, गद्दे, अलमारियां, गीजर सहित अन्य बिजली उपकरण जलकर राख हो गए। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया और हरि चंद के मकान की निचली मंजिल के छह कमरों और उनमें रखे सामान सहित देवेंद्र सिंह के मकान को आग की चपेट में आने से बचाया। अग्रसर प्रशामक दमकल विभाग हमीरपुर देवेंद्र भाटिया ने कहा कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। ढाई घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि इस अग्निकांड में परिवार को दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है।