हमीरपुर। अवैध शराब का कारोबार करने और ऐसे लोगों को बचाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। यह दोनों ही दोषी है, यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के पंचायत पनोह में आयोजित एक कार्यक्रम में कही। पूर्व मुख्यमंत्री यहां जरूरतमंद परिवारों को गर्म कंबल एवं जरूरतमंद वस्तुएं प्रदान करने के लिए पहुंचे थे। इससे पहले पंचायत में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री का पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में हर तरफ अवैध शराब कांड की चर्चा है। जिससे पूरा प्रदेश शर्मसार हुआ है और ऐसे लोगों के तार किसके साथ जुड़े हैं, यह बात भी किसी से छिपी नहीं है।
हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री हमीरपुर जिला में पहुंचे थे तो उन्हें विशेष रूप से इसे पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच करवाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के समय शराब बांट कर कुछ लोग वोट लेने की कोशिश करते हैं, लेकिन उसके बाद वह गायब हो जाते हैं। ऐसे लोगों से बच कर रहना है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद महिला शक्ति से विशेष आग्रह किया कि शराब एवं अन्य व्यंजन जो चुनावी बेला पर कुछ लोग बांटने आते हैं, क्या वह चुनाव बीत जाने के बाद भी आते हैं। ऐसे में अब की बार ऐसे लोगों से बच के रहना है। आपकी पंचायत में शराब न बंटे, इसका विशेष ख्याल महिलाओं ने रखना है। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री ने पंचायत के युवा मंडल को क्रिकेट किट देकर सम्मानित किया।