हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में मरीजों की सहूलियत के लिए लगी लिफ्ट एक बार फिर हांफ गई है। मरम्मत के कुछ दिनों बाद ही लिफ्ट ने एक बार फिर साथ छोड़ दिया। मरीजों को सीढ़ियां चढ़कर अपने वार्डों तक पहुंचना पड़ रहा है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी वृद्धों और गर्भवती महिलाओं को पेश आ रही है। हालांकि रविवार को अस्पताल में महज दाखिल मरीज या आपातकालीन कक्ष में उपचार के लिए ही मरीज आते हैं, लेकिन अगर वार्ड के मरीजों को कहीं जाना हो तो लिफ्ट के बाहर स्क्रीन पर लिखा हुआ है कि लिफ्ट खराब है। इससे उन्हें सीढ़ियों से ही मशक्कत कर आवाजाही करनी पड़ रही है। बता दें कि कुछ दिन पहले भी लिफ्ट खराब हुई थी। उस समय तकनीशियन को बुलाकर इसकी मरम्मत करवाई गई थी।
मेडिकल कॉलेज बनने के उपरांत यहां मरीजों की तादाद भी बढ़ी है। ऐसे में लिफ्ट सुविधा के बाद यहां मरीजों की आवाजाही भी बढ़ी है। लेकिन बार-बार लिफ्ट खराब हो जाने से मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। उन्हें मशक्कत करके ही वार्डों तक पहुंचना पड़ रहा है। मरीजों व तीमारदारों रघुवीर सिंह, मनोज चौहान, संतोष कुमारी, विजय कुमार शर्मा, अजय कानूनगो, विनोद शर्मा आदि का कहना है कि लिफ्ट खराब होने से सीढ़ियों व रैंप से होकर वार्डों या आपातकालीन कक्ष में पहुंचना पड़ रहा है। इसमें सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं और वृद्धों को हो रही है। लोगों ने लिफ्ट को जल्द ठीक करवाने की मांग की है। इस बारे में एमएस डॉ. अनिल वर्मा का कहना है कि समस्या ध्यान में आ गई है। जल्द ही लिफ्ट को ठीक करवा दिया जाएगा।