जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की जाहू पंचायत के सुलगवान गांव की कोरोना योद्धा पूजा रानी का 25 दिनों के बाद शनिवार को घर पहुंचने पर स्वजनों और ग्रामीणों ने फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। पूजा रानी भोरंज अस्पताल में स्टॉफ नर्स के पद पर सेवारत हैं। कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान पूजा रानी को स्वास्थ्य विभाग ने एनआईटी हमीरपुर संस्थागत क्वारंटीन सेंटर में कोरोना संक्रमित रोगियों की निगरानी के लिए नियुक्त किया था। वहां पर पूजा ने कोरोना योद्धा के रूप में कोरोना संक्रमित रोगियों को हौसला देने के साथ उनके साहस को बढ़ाने के लिए सराहनीय कार्य किया। इसके बाद 14 दिन तक पूजा क्वारंटीन रहीं। कोरोना सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आने पर 25 दिनों के बाद पूजा अपने घर सुलगवान पहुंचीं। कोरोना योद्धा के स्वागत में जाहू पंचायत के पूर्व उप प्रधान बिहारी लाल, अमीं चंद डोगरा, रमा डोगरा, संतोश कुमारी, नीलम कुमारी, अनीता देवी, वीना देवी, नीलम शर्मा, कुंता देवी, उर्मिला देवी, वीना कुमारी, पूनम कुमारी, तमन्ना, अक्षय कुमार, आदित्य, विशाल आदि उपस्थित रहे।