हमीरपुर। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत छबोट गांव में आधी रात को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बंदूक से फायर कर दिए। बंदूक से निकली गोलियां एक व्यक्ति के घर की दीवारों पर लगी हैं। इससे मकान की दीवारों को नुकसान पहुंचा है। शिकायतकर्ता अश्वनी कुमार निवासी गांव छबोट ने बताया कि शनिवार रात करीब दो से ढाई बजे उनके घर के बाहर गोलियां चलने की आवाजें सुनाई दीं। सुबह जब उठकर देखा तो दीवार पर गोलियों की निशान थे।
संबंधित परिवार डर के साये में है। उन्होंने पुलिस में शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी भी व्यक्ति के साथ पूर्व में कोई लड़ाई या झगड़ा भी नहीं हुआ। इसलिए यह समझ नहीं आ रहा है कि आधी रात को फायर किसने किए। दूसरी ओर चुनाव में आचार संहिता के चलते पुलिस के पास सभी हथियार जमा हैं। ऐसे में किस ने फायर किया, यह समझ से परे है। उधर, एसएचओ हमीरपुर संजीव गौतम ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भादंसं की धारा 336 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके का मुआयना भी किया है। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।