बिझड़ी (हमीरपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ पड़ी। सवेरे ही श्रद्धालु काफी संख्या में बाबा के दरबार में पहुंच गए थे। रविवार के चलते प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खासी व्यवस्था की थी। पूरे हिमाचल में शादियों का दौर पूरे जोर शोर से चला हुआ है। इसी के चलते कई नए नवेले जोड़े भी बाबा के दर्शनों को पहुंचे हुए थे। मान्यता यह है कि जब भी किसी की नई शादी होती है तो दूध, पुत्र की कामना के लिए लोग सबसे पहले बाबा बालक नाथ के दरबार पहुंचते हैं। बाबा बालक नाथ दूधाधारी नाम से भी प्रसिद्ध हैं।
श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए मंदिर की रेलिंग को भी बीच-बीच में सैनिटाइज किया गया। लाउडस्पीकर से श्रद्धालुओं को कोविड नियमों के पालन के बारे में जानकारी दी गई। मंदिर अधिकारी प्रेमचंद ने कहा कि रविवार के चलते लगभग 12,000 श्रद्धालुओं ने बाबा की पवित्र गुफा के दर्शन किए और शांतिपूर्ण तरीके से श्रद्धालुओं ने बाबा की गुफा के दर्शन किए। प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध करवाने का प्रयत्न किया।