चंबा। जिला मुख्यालय में जल रक्षकों ने हड़ताल शुरू कर दी है। जल रक्षकों ने प्रदेश सरकार को चेताया है कि अगर जल्द उनकी मांगें पूरी न कीं तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगे। हड़ताल में संघ के प्रधान दीपक और जलरक्षक रविंद्र कुमार, कुलदीप सिंह, दिनेश कुमार, लुकेश सिंह, पवन कुमार, पाल सिंह, धर्म सिंह, लालो राम मौजूद रहे। कहा कि जिले में सैकड़ों जल रक्षक ग्रामीण क्षेत्रों में कई वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। संघ की विभिन्न मांगों को विभिन्न मंचों के माध्यम से प्रदेश सरकार और जल शक्ति विभाग के समक्ष उठाया गया लेकिन उनकी मांगों को लेकर सरकार ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। हर बार उनकी मांगों की अनदेखी की गई।
जल रक्षक वर्षों से सरकार से मानदेय में वृद्धि करने, अनुबंध में शामिल करने की अवधि को 12 से घटाकर आठ वर्ष करने और जलरक्षकों को पूर्ण रूप से जल शक्ति विभाग में मर्ज करने की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार कोई उचित कदम नहीं उठा रही है। इससे समस्त जल रक्षकों में रोष है। बताया कि कम वेतन के कारण अपने परिवार का पालन पोषण करने में दिक्कत हो रही है। सरकार की ओर से उनकी मांगों को पूरा न करने पर हड़ताल की राह चुननी पड़ी है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द उनकी मांगों को पूरा किया जाए।