खज्जियार (चंबा)। गेट से खज्जियार मार्ग पर चनाड़ू मोड़ (कैलाश दर्शन के समीप) में लगाया गया डंगा तीन माह बाद ही ध्वस्त हो गया है। इसके चलते वाहनों की आवाजाही काफी जोखिम भरी हो गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने कंकरीट कार्य में अनियमितताएं बरतने के आरोप लगाए हैं। कहा कि तीन माह पहले लगाए गए डंगे में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है।
रिंकू कुमार, अशोक कुमार, पृथीपाल सिंह, अमर चंद, मनोज कुमार, चमन लाल, महिंद्र सिंह आदि का कहना है कि इस मार्ग पर काफी आवाजाही रहती है। वर्तमान में यहां से बड़े वाहनों की आवाजाही काफी मुश्किल से हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि जब यह कार्य हो रहा था तो इसकी शिकायत लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में भी की गई लेकिन, इस शिकायत को विभाग ने हल्के में लिया। बहरहाल, लाखों रुपयों से किया गया यह कंकरीट का डंगा तीन माह में ही ध्वस्त हो गया। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही डंगे का दोबारा निर्माण किया जाए। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मीत कुमार का कहना है कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। कहा कि इसके बारे में जांच करवाई जाएगी।