खज्जियार(चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार में बर्फबारी के बाद रविवार को पर्यटकों की भीड़ रही। पर्यटकों ने खज्जियार मैदान में बर्फ से अठखेलियां की तो वहीं, एक-दूसरे पर बर्फ के गोले बनाकर दाग कर मस्ती की।
वहीं, दूसरी तरफ खज्जियार-लक्कड़मंडी मार्ग बंद होने से पर्यटकों को काफी परेशानी हुई। उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। इससे आवाजाही में ही उनका काफी समय लग गया। दिल्ली से आए पर्यटक अभिषेक, सुनील, रमित, राजेश, राजन और नुपेश ने बताया कि वे पिछले सप्ताह पर्यटन नगरी डलहौजी में रुके हुए हैं। रविवार को खज्जियार आने की योजना बनाई, लेकिन जब वे डलहौजी से वाया लक्कड़मंडी खज्जियार के लिए निकले तो उन्हें रास्ता बंद होने की जानकारी मिली। ऐसे में वे वाया चंबा होकर करीब साठ किलोमीटर अतिरक्ति सफर तय कर खज्जियार पहुंचे। उन्होंने बताया कि खज्जियार में छह इंच से अधिक बर्फ थी, इस दौरान उन्होंने खूब मस्ती की। गौरतलब है कि उक्त मार्ग करीब दस दिन से बाधित है। ऐसे में पर्यटकों को खज्जियार पहुंचने के लिए 22 किलोमीटर की जगह साठ किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा। वहीं, दूसरी तरफ खज्जियार में रविवार को पहुंचे पर्यटकों को देख स्थानीय दुकानदार खुश दिखे।