तेंदुए खाल तस्करी मामले में एक गिरफ्तार, एक फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तेंदुए की खाल तस्करी मामले में पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं। इनकी बुनियाद पर पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि, इस मामले का मास्टर माइंड माना जा रहा एक आरोपी पुलिस की दबिश से पहले ही फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने उसकी धरपकड़ को अभियान तेज कर दिया है और जिला भर में नाकेबंदी कर दी है। इस मामले में पहले से रिमांड पर चल रहे आरोपियों ने सिल्लाघ्राट क्षेत्र के एक व्यक्ति के भी इस मामले में जुड़े होने का खुलासा किया था। इससे पहले पुलिस आरोपी तक पहुंच पाती, पुलिस कार्रवाई की सूचना आरोपी को मिल गई और वह फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को भगाने में मदद करने वाले नूरू निवासी सिल्लाघ्राट को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी की पहचान उजागर करने से परहेज कर रही है, ताकि आरोपी भूमिगत न हो जाए। तेंदुए की दो खालों के साथ पकड़े गए दो आरोपियों द्वारा किए गए खुलासे के बाद इस मामले में तस्कर गिरोह का पर्दाफाश होने की संभावना जताई जा रही है। इसमें एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। सूचना यह भी है कि पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने इस मामले में कई अहम खुलासे किए हैं। फिलहाल पुलिस एड़ी चोटी का जोर लगाकर फरार आरोपी की तलाश कर रही है। उधर, इस मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर हरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस किसी भी स्थिति में मामले की तह तक जाएगी। फरार आरोपी को भगाने वाले नूरू नाम के व्यक्ति से भी इस मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
वहीं, डीएसपी वीर बहादुर का कहना है कि इस मामले में कई अहम खुलासे हुए हैं। तेंदुए की खाल तस्करी का काम करने वाले कई लोग एक साथ पुलिस गिरफ्त में होंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस जल्द ही इस पूरे गिरोह को बेनकाब करेगी। इसमें गिरफ्तारियों की शुरूआत हो चुकी है।