पांच केमिस्ट के लाइसेंस एक हफ्ते के लिए रद्द
स्वास्थ्य विभाग ने अनियमितताएं बरतने पर पांच मेडिकल स्टोर के केमिस्ट के लाइसेंस एक सप्ताह के लिए रद्द कर दिए हैं। अब ये केमिस्ट एक सप्ताह तक दवाइयां नहीं बेच पाएंगे। गौर रहे कि ड्रग इंस्पेक्टर ने अपनी टीम के साथ चंबा शहर व आसपास के इलाकों में दवाई की दुकानों में छापेमारी की थी। इस दौरान पांच मेडिकल स्टोर के रिकॉर्ड में खामियां मिलीं थीं। इसके अलावा ये दुकानदार नियमों के विपरीत दवाइयां बेच रहे थे। इन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एक रिपोर्ट बनाकर ड्रग अथॉरिटी धर्मशाला को भेजी थी। इस रिपोर्ट के जवाब में इन पांच केमिस्ट के एक सप्ताह के लिए लाइसेंस रद्द करने के आदेश आए हैं। कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को पांच केमिस्ट के एक सप्ताह के लिए लाइसेंस रद्द कर दिए हैं।
जानकारी देते हुए ड्रग इंस्पेक्टर नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि रिकॉर्ड में अनियमितता व नियम के विपरीत दवाइयां बेचने वाले पांच केमिस्ट के एक सप्ताह के लिए लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। अब एक सप्ताह तक ये दवाइयां नहीं बेच पाएंगे। दुकानदारों को यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर दोबारा उनके रिकॉर्ड में खामियां व अनियमितता पाई जाती है तो उनके लाइसेंस हमेशा के लिए भी रद्द किए जा सकते हैं।