{"_id":"5ab91f0e4f1c1b264e8b45dc","slug":"71522081550-chamba-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"खुले में सीवरेज छोड़ने पर सख्त कार्रवाई के आदेश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
खुले में सीवरेज छोड़ने पर सख्त कार्रवाई के आदेश
Updated Mon, 26 Mar 2018 10:42 PM IST
विज्ञापन
खज्जियार के होटल व्यवसायियों की लापरवाही पर चलेगा डंडा
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
चंबा।
पर्यटक स्थल खज्जियार में होटल व्यवसायियों के सीवरेज के पानी को खुले में छोड़ने की शिकायत पर प्रशासन में कड़ा रुख अख्तियार करने का फैसला किया है। सोमवार की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त हरिकेश मीणा ने विभागों के अधिकारियों को इस दिशा में तुरंत प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पर्यटक खज्जियार में स्वच्छ और खुले वातावरण का लुत्फ लेने आते हैं। ऐसे में पर्यटक स्थल पर साफ सफाई के अलावा पर्यावरण का संरक्षण भी हर हाल में सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। उपायुक्त ने खज्जियार सड़क की टारिंग और नालियों की मरम्मत के कार्य को भी जल्द पूरा करने के लिए कहा। पर्यटक सीजन के दौरान खज्जियार में पुलिस सहायता उपलब्ध होने के मुद्दे पर पुलिस उप अधीक्षक जितेंद्र चौधरी ने बताया कि खज्जियार में सीजन के दौरान पुलिस के एक हेड कांस्टेबल के अलावा दो होमगार्ड हमेशा तैनात रहेंगे ताकि पर्यटकों को पुलिस सहायता का लाभ मिल सके।
विज्ञापन
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि पूरे पर्यटन सीजन के दौरान पुलिस सहायता निरंतर उपलब्ध रहनी चाहिए। जिले के पेट्रोल पंपों पर पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय की सुविधा उपलब्ध होने के मुद्दे पर उपायुक्त ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को कहा कि यदि कोई पेट्रोल पंप संचालक नियमों के मुताबिक यह सुविधा देने में आनाकानी कर रहा है या नियमों के मुताबिक शौचालयों की व्यवस्था नहीं है तो उनके खिलाफ विभाग कड़ी कार्रवाई करे। उपायुक्त ने इसको लेकर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने को कहा। चंबा के चौगान नंबर 4 और 5 के बीच की सड़क को छोटे वाहनों और दोपहिया वाहनों के लिए खोला जाएगा। यह फैसला ट्रायल के आधार पर लिया गया है। यदि ट्रायल उम्मीद के मुताबिक रहा तो इसे प्रशासन इसे लागू कर सकता है।
विज्ञापन
उपायुक्त ने चंबा के मुख्य डाकघर से कसाकड़ा की ओर जाने वाली सड़क पर नए वेंडिंग जोन को बनाने की दिशा में भी कदम उठाने के लिए कहा। उपायुक्त ने उपमंडलीय प्रशासन और नगर परिषद को नए बस अड्डे से मुख्य बाजार की ओर आने वाले रास्ते पर होने वाले किसी भी अतिक्रमण पर निगरानी रखने के लिए कहा। उपायुक्त ने कहा कि जैसे ही कोई अतिक्रमण का मामला ध्यान में आता है उसे तुरंत हटा दिया जाए। बस स्टैंड से मुख्य बाजार की तरफ जाने वालों और बस स्टैंड को आने वालों के लिए यह मार्ग अत्यंत ही महत्वपूर्ण है और इसे पूरी तरह से व्यवस्थित और साफ सुथरा रखा जाए।
रावी नदी के बालू पुल की मरम्मत को लेकर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि इसका टेंडर अवार्ड हो चुका है। कार्य जल्द शुरू होगा। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बनीखेत कस्बे में लगने वाले ट्रैफिक जाम की शिकायतों के मद्देनजर उपायुक्त ने कहा कि बनीखेत बाजार की मुख्य सड़क को लेकर राष्ट्रीय उच्च मार्ग के अधिशासी अभियंता सड़क की निशानदेही के कार्य को करवाना सुनिश्चित बनाए। चंबा के जीरो प्वाइंट पर स्थापित होने वाली हाई मास्ट लाइट के ढांचे को स्थापित किया जा चुका है। हाई मास्ट लाइट के ढांचे पर लाइटिंग भी जल्द फिक्स की जा रही है।
बैठक में अधीक्षण अभियंता सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य आरके वर्मा, सहायक आयुक्त एवं जिला पर्यटन विकास अधिकारी रम्या चौहान, उपमंडलाधिकारी नागरिक चंबा दीप्ति मंढोत्रा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण जीत सिंह ठाकुर, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय उच्च मार्ग दिवाकर पठानिया, अधिशासी अभियंता सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य दिनेश कपूर, जिला पंचायत अधिकारी एके शर्मा, कृषि उपनिदेशक धर्मचंद डोगरा, अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक चतर सिंह पटियाल, पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र चौधरी, जिला योजना अधिकारी गौतम शर्मा, कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक संजीव पुरी, डाइट प्रिंसिपल सुमन मिन्हास और क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम सुभाष कुमार समेत अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।