श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में रविवार को 70 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने माथा टेका। रविवार की छुट्टी होने से सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। गर्मियों का मौसम शुरू होते ही श्री नयनादेवी जी में दर्शन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए सुबह 4 बजे ही खोल दिए गए। श्रद्धालुओं को लाइनों में दर्शन करवाए गए। मंदिर के बाहर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवानों ने श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे जत्थों में दर्शन करने के लिए भेजा। इससे भीड़ पर नियंत्रण बना रहा और श्रद्धालु आराम से माता के दर्शन करते रहे। रविवार को पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली और अन्य प्रदेशों से आए श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां डालीं और सदाव्रत लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। भारी भीड़ के चलते मंदिर अधिकारी जगदीश शर्मा ने भी निरीक्षण किया। मंदिर अधिकारी जगदीश शर्मा के अनुसार रविवार को लगभग 70 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने माता नयनादेवी जी के दर्शन किए।