बिलासपुर। जिले में सोमवार को 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को 49 केंद्रों पर वैक्सीन लगाई गई। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बिना स्लॉट बुक किए वैक्सीन लगाई गई। जिले में सोमवार को 5480 युवाओं को वैक्सीन लगाई गई।
वैक्सीनेशन में गति लाने के लिए 21 जून से महाअभियान शुरू हुआ। इसके तहत सोमवार, मंगलवार, बुधवार को जिले में टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि जिले में प्रतिदिन 5452 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। टीकाकरण के लिए जिला में 21 जून को 49 केंद्र स्थापित किए गए। शहरी क्षेत्रों में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को पूर्व की भांति ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग के आधार पर ही टीके लगाए जाएंगे। इनके लिए 8 वैक्सीनेशन केंद्र बनाए गए हैं। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 41 केंद्रों पर लोगों का मौके पर टीकाकरण के लिए पंजीकरण किया जाएगा। पहले आओ, पहले पाओ पर्ची सिस्मट के आधार पर टीकाकरण किया जाएगा। सोमवार को सभी टीकाकरण केंद्रों पर सुबह 10 बजे से 3 बजे तक 5480 लोगों का टीकाकरण किया गया। डॉ. दड़ोच ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण वीरवार, शुक्रवार, शनिवार को किया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने बताया कि रविवार के दिन टीके नहीं लगाए जाएंगे। लेकिन राजपत्रित अवकाश वाले दिन टीके लगाए जाएंगे।