यमुनानगर। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा की बैठक बुधवार को रोडवेज वर्कशॉप में हुई। सभी यूनियनों के प्रधान राजिंद्र कांबोज, नंदलाल कांबोज, रामकर्ण, मुकेश पोसवाल, लीजा राम की देखरेख में हुई बैठक का संचालन सभी यूनियनों के सचिव महिपाल सोदे , संजीव कुमार, अनिल कुमार, प्रदीप कुमार ने किया। साझा मोर्चा के राज्य नेता प्रताप सिंह भनवाला, फूल कुमार कांबोज, ज्ञान सिंह राठी, रविंद्र सिंह, मनिंद्र सिंह ने कहा कि 28 व 29 मार्च को समस्त रोडवेज कर्मचारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग लेकर सभी बसों का पूर्ण चक्का जाम करेंगे।
सर्व कर्मचारी संघ के नेता गुलशन भारद्वाज ने कहा कि विभाग में ए,बी,सी श्रेणी के नाम पर अंतरराज्यीय रूटों पर 20 प्रतिशत, अंतरजिला रूटों पर 50 प्रतिशत एवं लोकल रूटों पर प्राइवेट बसें चलाने की योजना, किलोमीटर स्कीम व 2016-17 पॉलिसी रद कर विभाग के निजीकरण पर पूर्ण रोक लगाने, विभाग में 10 हजार सरकारी बसें शामिल करने, कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली समेत अन्य लंबित मांगे हैं। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, सभी खाली पदों पर पक्की भर्ती करने, परिचालक व लिपिक का वेतनमान 35400 रुपये करने, 1992 से 2003 के मध्य लगे कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से पक्का करने, सभी कर्मचारियों को 5000 रुपये मासिक जोखिम भत्ता देने, कर्मशाला कर्मचारियों को तकनीकी स्केल देने व कम किए अवकाश पहले की तरह लागू करने समेत अन्य मांगों को अब तक पूरा नहीं किया गया है।