{"_id":"65205cd664665946850f7946","slug":"yamunanagar-due-to-dispute-over-possession-of-a-house-a-woman-poured-petrol-on-herself-and-set-fire-2023-10-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"यमुनानगर: मकान पर कब्जे के विवाद में महिला ने पुलिस के सामने पेट्रोल डाल खुद को लगाई आग","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
यमुनानगर: मकान पर कब्जे के विवाद में महिला ने पुलिस के सामने पेट्रोल डाल खुद को लगाई आग
Sat, 07 Oct 2023 12:45 AM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Sat, 07 Oct 2023 12:45 AM IST
सार
महिला आग से 50 प्रतिशत झुलसी है। आजाद नगर की गली नंबर दो की घटना है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस मकान पर कब्जा दिलाने आई थी। ज्वेलर्स से पैसा लेने पर मकान गिरवी था, महिला को बचाते हुए पुलिसकर्मी के हाथ भी झुलस गए।
विज्ञापन
आजाद नगर में आग लगने से झुलसी महिला आरती। पुलिस ने आरती के मकान पर लगाया ताला।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
यमुनानगर शहर के आजाद नगर की गली नंबर दो में मकान पर कब्जे के विवाद में एक महिला ने पुलिस के सामने ही खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पुलिस कोर्ट केस जीतने पर एक ज्वेलर्स को मकान पर कब्जा दिलाने आई थी। आसपास के लोगों व पुलिस कर्मियों ने महिला पर लगी आग को बुझाया। महिला में लगी आग बुझाते हुए एक पुलिसकर्मी के हाथ भी झुलस गया। आग लगने से महिला 50 प्रतिशत झुलस गई। जली हुई हालत में महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसे उपचार दिया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन
आजाद नगर निवासी पूनम देवी ने बताया कि उसकी भतीजी आरती ने कॉलोनी के एक ज्वेलर्स से रुपये उधार लिए हुए थे। पैसे न चुकाने के कारण ज्वेलर्स ने कोर्ट में उसके खिलाफ केस कर दिया। कोर्ट का फैसला ज्वेलर्स के हक में आया। कोर्ट ने उसके मकान को जब्त करने का आदेश दिया था। आरती मकान पर अपना कब्जा छोड़ना नहीं चाहती थी।
विज्ञापन
शुक्रवार को रामपुरा चौकी पुलिस और महिला पुलिस कोर्ट के आदेश पर ज्वेलर्स को मकान पर कब्जा दिलाने पहुंचे थे। तब आरती ने मकान पर कब्जे का विरोध किया। पुलिस उसे हटाने लगी तो उसने खुद पर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी।
विज्ञापन
आरती को आग में जलते देख रामपुरा पुलिस चौकी के एएसआई लाभ सिंह ने जान की परवाह न करते हुए आरती को बचाने का प्रयास किया। उसे बचाने के प्रयास में उनके हाथ भी आग में जल गए। लेकिन उन्होंने महिला पर लगी आग को बुझा दिया। आग से महिला की छाती समेत शरीर का 50 प्रतिशत हिस्सा जल गया।
जिसे अस्पताल में उपचार जा रहा है। पूनम ने बताया कि आरती को कुछ समय पहले उसका पति भी छोड़ कर चला गया था। आरती अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ अपने मां-बाप के मकान आजाद नगर में रहती थी और अपना गुजर बसर कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस व अन्य इस मकान पर कब्जा लेने पहुंचे थे। मकान को अपने हाथों से जाता देख आरती ने खुद अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
शहर थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर रामपुरा चौकी व महिला पुलिस मकान पर कब्जा दिलाने गई थी। जहां महिला ने खुद को आग लगा ली। उनके पुलिसकर्मी ने महिला को लगी आग को बुझाया। महिला की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।