मटका चौक के पास एक्टिवा सवार दंपती पर फायरिंग करने के आरोपी इंदिरा गार्डन निवासी मुनीष उर्फ मोनू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके अन्य साथी अभी फरार हैं। स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज राजेश राणा ने बताया कि आरोपी मुनीष को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। उसके पास से एक देसी पिस्टल व चार कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी दोनों पिस्टल व 25 कारतूस उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से खरीदकर लाया था। इसमें से एक पिस्टल उसने हमीदा निवासी अफजाल को 60 हजार रुपये में बेचा था। उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
इंचार्ज राजेश राणा ने बताया कि स्पेशल स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि पांसरा के पास जंगल में मुनीष किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि करीब ढाई महीने पहले भागीरथ कॉलोनी निवासी कन्हैया अपनी पत्नी के साथ किसी काम से जगाधरी जा रहा था। उसकी पत्नी एक्टिवा चला रही थी। जब वह मटका चौक पर पहुंचा, तो पीछे से बाइक पर साथियों के साथ आए मुनीष ने कन्हैया की पत्नी को अपशब्द बोले। इस पर कन्हैया के साथ उनका विवाद हो गया था। इस विवाद में ही आरोपी मुनीष ने दो फायर उन पर कर दिए। इसमें एक गोली मटका चौक स्थित होटल के पीछे में जाकर लगी थी। इस फायरिंग में दंपती बाल-बाल बच गया था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।