Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   Worship of Chhathi Maiya throughout the night by lighting a lamp in the sugarcane pavilion

Sonipat News: गन्ने के मंडप में दीप जलाकर रातभर की छठी मैया की आराधना

Tue, 17 Nov 2026 01:56 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Tue, 17 Nov 2026 01:56 AM IST
विज्ञापन
Worship of Chhathi Maiya throughout the night by lighting a lamp in the sugarcane pavilion
-संतान प्राप्ति की मन्नत पूरी होने पर व्रतियों ने जताया आभार
विज्ञापन

फोटो :20: सोनीपत में छठ पूजा के अवसर पर गन्ने का मंडप सजाकर दीप प्रज्वलित करते और कोसी भरने की परंपरा निभाते श्रद्धालु। स्रोत पाठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। लोक आस्था के महापर्व छठ पर संध्या अर्घ्य के बाद कोसी भरने का अनुष्ठान किया। छठ घाटों और पूजा स्थलों पर गन्ने के आकर्षक मंडप सजाए गए। इनके नीचे दीप प्रज्वलित कर छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना की गई। दीपों की जगमगाहट, छठी मैया के पारंपरिक गीतों और श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कोसी भरने की परंपरा छठ महापर्व के प्रमुख धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल है। इस परंपरा के साथ श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और मान्यताएं जुड़ी हैं। जिन परिवारों में संतान प्राप्ति की मन्नत पूरी होती है, वह छठी मैया के प्रति आभार प्रकट करने के लिए कोसी भरते हैं। वहीं कई व्रती अपने बच्चों की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए यह अनुष्ठान करते हैं। परिवार के सभी सदस्य मिलकर पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से इस परंपरा को निभाते हैं।
विज्ञापन

आकर्षक मंडप में सजाया पारंपरिक प्रसाद
कोसी भरने के लिए आमतौर पर पांच गन्नों को चारों दिशाओं में खड़ा करके मंडप तैयार किया जाता है। इसके नीचे पूजा की सामग्री सजाई जाती है। बांस के सूप, दउरा और मिट्टी के हाथी सहित विभिन्न पारंपरिक वस्तुओं को पूजा में शामिल किया जाता है। मंडप के आसपास फल, नारियल, ठेकुआ, मिठाई और अन्य प्रसाद सजाकर दीप जलाए जाते हैं। इसके बाद छठी मैया और भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली और संतान के मंगलमय जीवन की कामना की जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

पंचतत्व और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है कोसी
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कोसी के मंडप में इस्तेमाल होने वाले पांच गन्नों को पंचतत्व का प्रतीक माना जाता है। पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश के प्रति कृतज्ञता की भावना इस परंपरा से जुड़ी है। पूजा में गन्ने, फल और अन्य प्राकृतिक सामग्रियों का उपयोग छठ पर्व के प्रकृति और कृषि संस्कृति से गहरे जुड़ाव को दर्शाता है। यही वजह है कि इस अनुष्ठान में प्रकृति के प्रति सम्मान और आभार की भावना भी विशेष रूप से दिखाई देती है।

परिवार के सभी सदस्य मिलकर निभाते हैं परंपरा
कोसी भरने का अनुष्ठान केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के पूर्व जिला संयोजक राजनारायण के अनुसार, इस परंपरा में परिवार के बुजुर्गों से लेकर महिलाओं, युवाओं और बच्चों तक सभी की भागीदारी रहती है। सभी मिलकर पूजा की तैयारियां करते हैं और पूरी रात दीप जलाकर छठी मैया की आराधना करते हैं। इससे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक रीति-रिवाजों से जुड़ने का अवसर मिलता है।


दीपों की रोशनी और छठ गीतों से गूंजते रहे पूजा स्थल
कोसी भरने के दौरान विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं ने पारंपरिक छठ गीत गाकर छठी मैया का गुणगान किया। रातभर जलते दीपों और भक्ति गीतों ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। व्रतियों ने परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी आयु और सुखद भविष्य की कामना की। श्रद्धा, विश्वास, कृतज्ञता और पारिवारिक एकता से जुड़ी यह परंपरा छठ महापर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को और विशेष बना देती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed