सोनीपत। हलवाई हट्टा स्थित श्री देवी चिट्टाने वाली माता मंदिर के वार्षिक उत्सव पर आयोजित नौ दिवसीय महाशिव पुराण कथा एवं नवचंडी यज्ञ के दूसरे दिन कथावाचक आचार्य अनुज दीक्षित ने श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष का महत्व बताया। मुख्यातिथि के रूप में दिल्ली से अनुज गोयल व यजमान रमेश गुप्ता, राजेश वर्मा, विकास गोयल ने पूजा-अर्चना व दीप प्रज्वलित कर कथा का शुभारंभ किया।आचार्य अनुज दीक्षित ने बताया कि भगवान शंकर ने रुद्राक्ष को जनकल्याण के लिए अपने अश्रुओं से उत्पन्न किया। रुद्राक्ष धारण करने वाला मनुष्य महादेव को अत्यंत प्रिय होता है। ऐसा मनुष्य समस्त संकटों व नकारात्मक शक्तियों से बचा रहता है। शास्त्रों के अनुसार मनुष्य को दीर्घायु जीवन की प्राप्ति होती है। साधक धन प्राप्ति के लिए बारह मुखी व सुख-मोक्ष पाने के लिए एक मुखी रुद्राक्ष ऐश्वर्य पाने के लिए त्रिमुखी रुद्राक्ष धारण कर सकते हैं। कथा में मंदिर समिति के प्रधान महेश गोयल, उप प्रधान तरुण गोयल, कोषाध्यक्ष नरेश कुमार, पंडित अमित शौनक, सचिव गौरव, विशाल गोयल, विक्रांत गुप्ता, प्रवीण कुच्छल, प्रमोद गुप्ता व पंडित राजेश शौनक मौजूद रहे।